छत्तीसगढ़बस्तर संभाग

देश की अर्थव्यवस्था कृषि पर निर्भर, किसानों को समृद्ध व आत्मनिर्भर बनाने अनेक योजनाएं चलाई जा रहीं : केंद्रीय राज्यमंत्री  तोखन साहू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसान सम्मान निधि की 17वीं किश्त जारी की योजनांतर्गत जिले के 80,775 किसानों के खातों में 16.15 करोड़ रुपए अंतरित

कांकेर, 18 जून 2024/ पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत देश के प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने आज 17वीं किश्त के रूप में 9.26 करोड़ किसानों को 20 हजार करोड़ रुपए की सौगात दी। उत्तर प्रदेश के काशी से प्रधानमंत्री ने उक्त राशि का वर्चुअल अंतरण पंजीकृत किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से किया। जिला स्तर पर उक्त कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था ग्राम सिंगारभाट स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर बिलासपुर सांसद तथा आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री भारत सरकार  तोखन साहू शामिल हुए।

कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों और महिला सखियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री  साहू ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मुख्यतः कृषि पर आधारित है और प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने देश भर के 9.26 करोड़ किसानों को इतनी बड़ी ऐतिहासिक सौगात दी है। उन्होंने आगे कहा कि किसानों को खुशहाल और समृद्ध बनाने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ किसान अवश्य लें। सांसद श्री साहू ने आगे बताया कि महिला समूहों की आय दुगनी करने लखपति दीदी योजना भी चलाई जा रही है। इसके पहले, कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद  भोजराज नाग ने अपने संक्षिप्त उद््बोधन में कहा कि किसान का सम्मान धरती माता का सम्मान है और एक सच्चे सेवक के रूप में प्रधानमंत्री भलीभांति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। विशिष्ट अतिथि की आसंदी से कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने भी संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के मेहनतकश किसानों को कृषि सिंचाई की बुनियादी सुविधाएं मिले तो वे पूरे उत्साह से अपनी आय बढ़ाने में किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मिलेट उत्पादन और मछली पालन के क्षेत्र में कांकेर जिले ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कार्यक्रम के अंत में केन्द्रीय राज्य मंत्री  साहू ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न समूहों की 12 महिलाओं को कृषि सखी प्रमाण पत्र वितरित किए।

केन्द्रीय राज्य मंत्री  साहू ने किसान सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल होने से पहले कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में स्थापित लघु धान्य प्रसंस्करण ईकाई का अवलोकन कर स्वसहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। लक्ष्मी स्वसहायता समूह की सदस्य गीता पोयाम, दीपिका पोयाम, द्रौपदी नेताम सहित अन्य सदस्यों ने केन्द्रीय राज्य मंत्री को बताया कि कोदो, रागी एवं अन्य मिलेट की प्रोसेसिंग की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी और बताया कि इनसे बनने वाले आटे को आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण आहार के रूप में वितरित किया जाता है। इसके पश्चात उन्होंने कड़कनाथ हैचिंग इकाई का भी अवलोकन कर उन्नत नस्ल के मुर्गा उत्पादन एवं विपणन से संबंधित जानकारी ली।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना अंतर्गत आज जिले के 80 हजार 775 किसानों के खाते में 16 करोड़ 15 लाख 50 हजार रुपए की राशि अंतरित हुई। कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद  मोहन मण्डावी, महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद  चुन्नीलाल साहू, कांकेर पूर्व विधायक  शिशुपाल शोरी, सुमित्रा मारकोले सहित कलेक्टर  नीलेश महादेव क्षीरसागर, सीईओ जिला पंचायत  सुमित अग्रवाल, उप संचालक कृषि एन.के. नागेश, कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक  बीरबल साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं काफी संख्या में विभिन्न स्वसहायता समूहों की महिलाएं और ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
Close

Adblock Detected

We have detected that you are using extensions to block ads. Please support us by disabling these ads blocker to view our site contents.